पूर्व सीएम हरीश रावत ने भाजपा को बताया रावण का वंशज
मसूरी के मालरोड में पूर्व सीएम हरीश रावत ने पत्रकारों से बातचीत में भाजपा पर जोरदार तंज कसा। उन्हाेंने कहा कि भाजपा के लोग रावण के वंशज हैं। ये अहंकार के साथ अपनी बात कहते हैं। हे लोकतंत्र के देवता कभी हमारे संघर्ष के साथ भी न्याय करना। इनको भी ऐसा बेरोजगार बनाना जैसे बेरोजगार हम हैं।
पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि राज्य की सारी प्राइम लैंड भाजपा और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने बेचने का काम किया है। आने वाले समय में उत्तराखंडियों के हाथ एक खोखला उत्तराखंड रह जाएगा। राज्य की बहुमूल्य जमीन गैर उत्तराखंडियों को धड़ल्ले से बेची जा रही है।
उन्हाेंने मनरेगा का नाम वीबी जी राम जी करने पर कहा कि भाजपा सरकार जान-बूझकर महात्मा गांधी के नाम को मनरेगा से हटा रही है। महात्मा गांधी से बड़ा राम भक्त कौन था। गांधी ने मरते समय भी हे राम कहा था। उसी भक्त के नाम को समाप्त करने का भाजपा षडयंत्र कर रही है। भाजपा सबसे राम को छीनने का काम कर रही है। इस षडयंत्र के खिलाफ कांग्रेस देशभर में जनजागरण करेगी और सत्ता में आने पर महात्मा गांधी के नाम पर एक दर्जन योजनाएं शुरू करेगी।