रायपुर में सूर्या व ईशान की तूफानी पारी से भारत ने न्यूजीलैंड को हराया

टीम इंडिया ने रायपुर के मैदान पर खेले गए दूसरे टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से धोया. ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने बल्ले से जमकर तबाही मचाई. वहीं, शिवम दुबे भी महफिल लूटने में सफल रहे.

रायपुर में सूर्या व ईशान की तूफानी पारी से भारत ने न्यूजीलैंड को हराया

टीम इंडिया ने रायपुर में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की. कप्तान सूर्यकुमार यादव और ओपनर ईशान किशन की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से मात दी और पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली. सूर्यकुमार यादव ने मात्र 23 गेंदों में अपना 22वां टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पूरा किया. उनकी आक्रामक बैटिंग ने शुरुआत में ही मैच को भारत के पक्ष में मोड़ दिया।

भारत की जीत में ईशान किशन की 76 रनों की धमाकेदार पारी भी अहम रही. हालांकि संजू सैमसन (06), अभिषेक शर्मा (00) और ईशान के आउट होने से कुछ समय के लिए दबाव जरूर बना, लेकिन सूर्या की लयबद्ध बल्लेबाजी ने किसी तरह की चिंता नहीं होने दी. अंत में टीम इंडिया ने लक्ष्य का पीछा करते हुए बेहद आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

209 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही. संजू सैमसन महज 6 रन बनाकर चलते बने, तो अभिषेक शर्मा का बल्ला भी खामोश रहा और वह बिना खाता खोले चलते बने. हालांकि, इसके बाद ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 122 रन जोड़े. ईशान ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 32 गेंदों में 76 रनों की विस्फोटक पारी खेली।

ईशान के आउट होने के बावजूद सूर्या ने एक छोर संभाले रखा और उन्होंने 37 गेंदों में 82 रन ठोके. अपनी इस पारी के दौरान स्काई ने 9 चौके और 4 सिक्स जमाए. वहीं, शिवम दुबे ने 18 गेंदों में एक चौका और सिक्स जमाते हुए नाबाद 36 रन जड़े. टीम इंडिया ने टी-20 इंटरनेशनल में संयुक्त रूप से अपना सबसे बड़ा रन चेज सफलतापूर्वक हासिल किया है।

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड को टिम सीफर्ट और डेवोन कॉनवे ने तूफानी शुरुआत दी और पहले 3 ओवर में ही 43 रन जोड़ डाले. हालांकि, हर्षित राणा ने कॉनवे को 19 रनों के स्कोर पर पवेलियन की राह दिखाई. वहीं, सिफर्ट 13 गेंदों में 24 रन जड़कर वरुण चक्रवर्ती का शिकार बने. ग्लेन फिलिप्स और रचिन रविंद्र ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी जमाई। फिलिप्स 19 रन बनाकर चलते बने, तो डेरिल मिचेल 18 रन बनाकर चलते बने. रचिन 26 गेंदों में 44 रन लगाने के बाद कुलदीप यादव की गेंद पर अर्शदीप के हाथों में कैच देकर चलते बने. अंतिम ओवरों में मिचेल सैंटनर ने बल्ले से तबाही मचाते हुए 27 गेंदों में नाबाद 47 रन जड़े, जिसके दम पर टीम 208 रनों के टोटल तक पहुंचने में सफल रही. गेंदबाजी में कुलदीप यादव ने दो विकेट चटकाए।