उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र आज से

उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र आज से

विधानमंडल का बजट सत्र की शुरुआत सोमवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से होगी। इस दौरान विपक्ष मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर), कोडीन कफ सिरप की तस्करी, विदेश नीति, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा समेत कई मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरेगा। खासकर समाजवादी पार्टी के सदस्य अभिभाषण के दौरान इन मुद्दों को लेकर हंगामा कर सकते हैं।

बजट सत्र को लेकर विधानभवन की सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त भी किए गए हैं। बजट सत्र की शुरुआत से पहले रविवार को सर्वदलीय बैठक और कार्यमंत्रणा समिति की बैठक हुई, जिसमें सभी दलों ने सदन को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग करने का आश्वासन दिया। सोमवार को वर्ष 2026 के पहले सत्र की शुरुआत राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' से होगी। इसके बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा अभिभाषण पढ़कर सुनाया जाएगा, जिसमें राज्य सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी शामिल होगी। अभिभाषण के दौरान दोनों सदनों के सदस्य विधानसभा के मुख्य मंडप में मौजूद रहेंगे। इसके बाद राज्य सरकार द्वारा विधायी कार्य भी निपटाए जाएंगे। मंगलवार को विधानसभा की कार्यवाही पूर्व एवं वर्तमान दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी जाएगी।

बुधवार को राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी। राजधानी लखनऊ में बजट सत्र का पहला दिन हंगामे की भेंट चढ़ना तय माना जा रहा है। सत्र शुरू होने से पहले विधानभवन में सोमवार को चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर सपा के विधायक प्रदर्शन करेंगे। उसके बाद सदन के भीतर राज्यपाल के अभिभाषण का विरोध करेंगे और पूरे समय गो-बैक के नारे लगाएंगे। पूर्व सीएम अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा विधायक मंडल दल की बैठक में सत्र को लेकर रणनीति तैयार की गई। तय हुआ है कि एसआईआर में गड़बड़ियों को सदन के भीतर मुखर ढंग से उठाया जाएगा। बढ़ती मंहगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, खाद संकट, एमएसपी पर बिचौलियों की खरीद आने आदि मुद्दों पर सरकार को घेरेंगे। इसके अलावा कोडीन सिरप का मामला भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।