बंगाल समेत 5 राज्यों में चुनाव की तैयारियों पर बीजेपी के नये अध्यक्ष नितिन नबीन ने की चर्चा

बंगाल समेत 5 राज्यों में चुनाव की तैयारियों पर बीजेपी के नये अध्यक्ष नितिन नबीन ने की चर्चा

भाजपा केे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन वर्किंग मूड में आ गये हैं. पार्टी की कमान संभालने के एक दिन बाद ही उन्होंने नेशनल ऑफिस बियरर्स की बैठक बुलायी. बैठक में पश्चिम बंगाल समेत 5 राज्यों में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर भी बीजेपी के बॉस ने चर्चा की. कार्यकर्ताओं से कहा कि जमीनी स्तर पर काम में लग जायें. प्रचार अभियान कैसा हो, इसके बारे में भी दिशा-निर्देश दिये।

पश्चिम बंगाल समेत देश के 5 राज्यों में इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नये राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ चर्चा की. नयी जिम्मेदारी संभालने के एक दिन बाद बुधवार को भाजपा अध्यक्ष ने अपनी पहली रणनीति बैठक की. उन्होंने पश्चिम बंगाल समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों की समीक्षा की। नयी दिल्ली में दिनभर चली बैठक में नितिन नबीन ने पार्टी पदाधिकारियों से जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करने के लिए कहा।

इसके साथ ही उन्होंने वीबी-जी राम जी (VB- G RAM G) अधिनियम पर कांग्रेस के ‘निगेटिव प्रोपेगैंडा’ का जवाब देने के निर्देश दिये. साथ ही कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता नयी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के लाभ के बारे में लोगों को जागरूक करें. इसके लिए प्रयास तेज कर दें। भाजपा पहले से ही पूरे देश में एक अभियान चला रही है, ताकि कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए सरकार में शुरू हुई महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) की जगह लेने वाली नयी योजना ‘विकसित भारत – जय राम जी’ योजना के खिलाफ कांग्रेस के अभियान का मुकाबला किया जा सके।

पार्टी पदाधिकारियों के साथ पहली बैठक में नितिन नबीन ने देश भर में चुनाव प्रचार कैसे चलाया जाये, इस पर भी चर्चा की. उन्होंने प्रचार अभियान को मजबूत करने के लिए आवश्यक सुझाव दिये. बैठक में कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई, जिसमें भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा, पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी और राज्य इकाई के पदाधिकारी के अलावा अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। TNI