राहुल गांधी को मिला दादा का खोया ड्राइविंग लाइसेंस
कांग्रेस नेता राहुल गांधी रायबरेली दौरे पर थे। राहुल को उनके दादा और पूर्व सांसद फिरोज गांधी का दशकों पहले खोया हुआ ड्राइविंग लाइसेंस सौंपा गया। जिसे देखकर राहुल भावुक हो उठे। राहुल ने लाइसेंस को बड़े गौर से देखा और तुरंत उसकी तस्वीर अपने मोबाइल से अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी को वॉट्सऐप के जरिए भेजी।
लाइसेंस को रायबरेली में एक परिवार ने सहेज कर रखा था। राहुल ने मंगलवार को रायबरेली प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। आयोजन समिति के सदस्य विकास सिंह ने राहुल गांधी को मंच पर फिरोज गांधी का लाइसेंस सौंपा। विकास सिंह ने बताया- कई साल पहले रायबरेली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनके ससुर को यह ड्राइविंग लाइसेंस मिला था। उन्होंने इसे सुरक्षित रखा और उनके निधन के बाद उनकी पत्नी ने भी इसे संभालकर रखा। फिरोज गांधी का जन्म दिसंबर 1912 में हुआ था। उन्होंने देश के पहले लोकसभा चुनाव 1952 में रायबरेली से जीत दर्ज की थी। वह देश की पहली प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के पिता थे। 7 सितंबर 1960 को फिरोज गांधी का निधन हो गया था।

राहुल गांधी को उनकी अमानत सौंपने वाले विकास सिंह को फिरोज गांधी का ड्राइविंग लाइसेंस उनकी ससुराल पक्ष से तालुक रखने वाले त्रिवेदीजी की बेटी ने दिया था। विकास सिंह ने बताया- रिश्ते में वह साली लगती हैं, जो कि मेरे ससुराल पक्ष से हैं। उनके पिताजी के पास यह लाइसेंस था, जिनका स्वर्गवास 10 साल पहले हो चुका है। उन्होंने ही अपनी बेटी को यह लाइसेंस दिया था। लाइसेंस देते वक्त उन्होंने कहा था कि आपका बड़े लोगों के साथ उठना बैठना है। आप इसको अपने पास रख लीजिए। वक्त जरूरत पर किसी कांग्रेस के बड़े नेता को दे दीजिएगा जो गांधी परिवार से जुदा हो। जिसके चलते मैंने वह लाइसेंस मंच पर राहुल गांधी को दिखाया। राहुल गांधी ने उसे लाइसेंस को तत्काल अपने हाथ में लिया और उसकी फोटो खींचकर अपनी माता सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी को वॉट्सऐप भी किया है और अपने पास लाइसेंस रखते हुए उन्होंने कहा कि यह मेरे पुरखों की निशानी है। इसको मैं अपने घर पर लेमिनेट कराकर फोटो फ्रेम के रूप में रखूंगा। ZYZ