पाक आर्मी चीफ मुनीर ने अपनी बेटी की शादी अपने सगे भतीजे से करायी

आसिम मुनीर के सगे बड़े भाई का बेटा जो कल तक भतीजा था, मुनीर ने अब भतीजे को अपना दामाद और सगे भाई को समधी बनाकर सबको चौकाया

पाक आर्मी चीफ मुनीर ने अपनी बेटी की शादी अपने सगे भतीजे से करायी

पाकिस्तान के सैन्य और राजनीतिक गलियारों में इन दिनों एक निजी समारोह की खूब चर्चा हो रही है. पाकिस्तान के शक्तिशाली सेना प्रमुख (COAS) जनरल आसिम मुनीर की बेटी का निकाह संपन्न हो गया है. यह शादी कई मायनों में खास रही, क्योंकि इसमें पाकिस्तान की सत्ता के तमाम बड़े चेहरे शामिल हुए, लेकिन फिर भी इसे मीडिया की चकाचौंध से दूर रखा गया।

जनरल आसिम मुनीर की तीसरी बेटी महनूर का निकाह 26 दिसंबर को उनके सगे भतीजे अब्दुल रहमान के साथ हुआ. अब्दुल रहमान, जनरल मुनीर के भाई के बेटे हैं. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह शादी एक पारिवारिक रस्म के रूप में संपन्न हुई, जिसमें आपसी रिश्तेदारों की मौजूदगी रही. बता दें कि अब्दुल रहमान का करियर भी काफी प्रभावशाली रहा है. उन्होंने पहले पाकिस्तानी सेना में कैप्टन के तौर पर अपनी सेवाएं दीं और बाद में सेना अधिकारियों के लिए आरक्षित कोटे के माध्यम से सिविल सेवा (CSS) में शामिल हुए. वर्तमान में वह एक असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर तैनात हैं।

जनरल आसिम मुनीर की कुल चार बेटियां हैं. और यह उनकी तीसरी बेटी का निकाह था. यह निकाह रावलपिंडी स्थित जनरल मुख्यालय (GHQ) में जनरल आसिम मुनीर के आधिकारिक निवास पर आयोजित किया गया. सुरक्षा कारणों और सैन्य प्रोटोकॉल को देखते हुए इस स्थान को चुना गया था. हालांकि पाकिस्तान में सेना प्रमुखों के परिवारों की शादियां अक्सर भव्य होती हैं, लेकिन जनरल मुनीर ने इसे काफी हद तक लो-प्रोफाइल रखने की कोशिश की. सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच इस समारोह को इतना गोपनीय रखा गया कि सोशल मीडिया पर इसकी कोई भी तस्वीर लीक नहीं होने दी गई।

इस निकाह समारोह में लगभग 400 खास मेहमानों को आमंत्रित किया गया था. मेहमानों की सूची में पाकिस्तान की बड़ी- बड़ी हस्तियां मौजूद थी. निकाह में पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और उप-प्रधानमंत्री इशाक डार ने शिरकत की।

इनके अलावा खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के प्रमुख, कई सेवारत और सेवानिवृत्त जनरल और पूर्व सेना प्रमुख भी वर-वधू को आशीर्वाद देने पहुंचे. सुरक्षा और गोपनीयता के चलते मेहमानों को भी तस्वीरें साझा न करने के निर्देश दिए गए थे।