नितिन नबीन निर्विरोध चुने गए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, आज लेंगे शपथ
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन अब पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। सोमवार को दिल्ली में पार्टी हेडक्वार्टर में चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई। 45 साल के नबीन पार्टी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। उनसे पहले अमित शाह 49 साल की उम्र में पार्टी के नेशनल प्रेसिडेंट चुने गए थे। इधर, मंगलवार को नितिन नबीन के भाजपा अध्यक्ष चुने जाने का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा।
इससे पहले नितिन नबीन दिल्ली में भगवान वाल्मीकि मंदिर, गुरुद्वारा बंगला साहिब और झंडेवालान मंदिर गए। वे आज पीएम मोदी से भी मिल सकते हैं। नॉमिनेशन प्रक्रिया के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, नितिन गडकरी समेत सभी राज्यों के सीएम और सीनियर नेताओं ने नितिन के समर्थन में नामांकन पत्र जमा किया था।
भाजपा ने 16 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नोटिफिकेशन जारी किया था। नितिन को 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 36 में से 30 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव पूरे होने के बाद शुरू की गई। जो की 50% जरूरी आंकड़े से ज्यादा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए दाखिल कुल 37 सेट नामांकन पत्रों में से 36 सेट अलग-अलग राज्यों से आए, जिनमें हर सेट पर 20 नेताओं के साइन थे। जबकि एक अलग नॉमिनेशन सेट भाजपा के संसदीय बोर्ड के सदस्यों की ओर से प्रस्तावित किया गया, जिस पर प्रधानमंत्री सहित 37 सांसदों के साइन थे।

भाजपा में अब तक 11 नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। इनमें लालकृष्ण आडवाणी तीन बार अध्यक्ष बने, जबकि राजनाथ सिंह ने दो बार यह जिम्मेदारी संभाली। नितिन नबीन सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव राष्ट्रीय परिषद करती है, जिसमें लगभग 5,708 सदस्य शामिल हैं। इसमें राष्ट्रीय परिषद और सभी राज्य परिषदों के सदस्य शामिल होते हैं, जो देश के 30 से अधिक राज्यों से आते हैं। लेकिन अगर केवल एक नामांकन होता है, तो मतदान की जरूरत नहीं होगी।