242 वेबसाइट्स ब्लॉक, सट्टेबाजी के खिलाफ केंद्र सरकार की बड़ी कार्रवाई

242 वेबसाइट्स ब्लॉक, सट्टेबाजी के खिलाफ केंद्र सरकार की बड़ी कार्रवाई

मोदी सरकार ने अवैध गेमिंग और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई को तेज कर दिया है. मनी गेम्स पर नकेल कसने के बाद अब केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए 242 गैंबलिंग और अवैध बेटिंग वेबसाइट्स को तत्काल प्रभाव से ब्लॉक करने का बड़ा फैसला लिया है. ऑनलाइन गेमिंग एक्ट के पास होने के बाद से मंत्रालय इन पोर्टल्स पर तेजी से एक्शन ले रहा है।

भारत सरकार ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आज 242 गैरकानूनी वेबसाइट लिंक ब्लॉक कर दिए हैं। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, यह कदम ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के जरिए फैल रहे गैरकानूनी जुए पर लगाम लगाने के लिए उठाया गया है। सरकार का कहना है कि अब तक कुल 7,800 से ज्यादा अवैध सट्टेबाजी और जुए से जुड़ी वेबसाइट्स को बंद किया जा चुका है। खास बात यह है कि ऑनलाइन गेमिंग एक्ट लागू होने के बाद इन प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ कार्रवाई की रफ्तार काफी तेज हुई है।

सरकारी सूत्रों ने साफ किया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम यूजर्स, खासकर युवाओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी, वित्तीय नुकसान और लत जैसी समस्याओं से बचाना है। अवैध प्लेटफॉर्म्स पर नियंत्रण के लिए टेक्नोलॉजी और कानून दोनों का सहारा लिया जा रहा है। सरकार ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में भी ऐसे प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए से जुड़े किसी भी गैरकानूनी कंटेंट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

केंद्र सरकार इस बात को लेकर चिंतित है कि ये गैर-कानूनी वेबसाइट्स युवाओं को टारगेट कर रही हैं और युवाओं को पैसे का वादा कर उन्हें लत लगा रही हैं. पहले मनी गेमिंग पर बैन और अब सट्टेबाजी से जुड़ी वेबसाइट्स पर नकेल कसने से ये बात तो साफ है कि सरकार युवाओं और लोगों को इन साइट्स के जाल में फंसने से बचाने के लिए हर संभव प्रयास करने में जुटी है। XYZ